नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘हिंदुओं पर लक्षित हमलों’’ में वृद्धि का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को केंद्र और दिल्ली सरकार के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की मांग की। साथ ही ‘‘कट्टरपंथी नेटवर्क’’ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के गठन की भी मांग की।
विहिप की दिल्ली इकाई के सचिव सुरेंद्र गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि हाल की घटनाएं एक चिंताजनक प्रवृत्ति की ओर इशारा करती हैं और इनमें तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है।
गुप्ता ने दावा किया, ‘‘दिल्ली में हिंदुओं पर लक्षित हमलों और हत्याओं में जिस तरह से वृद्धि हो रही है, वह गंभीर चिंता का विषय है। इस साल मार्च में होली के दौरान उत्तम नगर में हुए तरुण खटीक मामले से शुरू होकर, हिंदुओं पर तेजी से कई हमले हुए हैं।’’
एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करते हुए गुप्ता ने कहा, ‘‘फिलहाल हम देख रहे हैं कि दिल्ली में भी कई आतंकवादी पकड़े जा रहे हैं, जिससे यह चिंता बढ़ रही है कि शहर ऐसे तत्वों के लिए पनाहगाह बन रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक गंभीर मुद्दा है। यह जांच करना महत्वपूर्ण है कि कहां चूक हो रही है और प्रशासन को कहां और अधिक सख्ती से कार्रवाई करने की आवश्यकता है।’’
विहिप नेता ने हाल के मामलों की गहन जांच और पिछले दो-तीन वर्षों के आंकड़ों के आधार पर पूर्वी दिल्ली, संगम विहार, जहांगीरपुरी और मंगोलपुरी जैसे क्षेत्रों में इस तरह के अपराध के ‘‘हॉटस्पॉट’’ की पहचान करने की भी मांग की।
गुप्ता ने ऐसे मामलों से निपटने के लिए एक एसटीएफ के गठन और त्वरित न्याय के लिए ‘फास्ट ट्रैक’ अदालतों की स्थापना की भी मांग की।
उन्होंने बताया कि विहिप जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर जारी करेगा और आपात स्थिति में स्वयंसेवकों को सूचित करने के लिए एक मोबाइल ऐप पर भी काम कर रहा है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.