गाजियाबाद (उप्र), 22 अप्रैल (भाषा) गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार की सुबह एक आवासीय सोसाइटी की 29वीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरने से 65 साल की महिला की मौत हो गयी।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अहिंसा खंड में स्थित ‘ट्राइन टावर्स’ सोसाइटी की 29वीं मंजिल से गिरकर फूलवती नामक महिला की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि फूलवती एक कार पर गिरी थी।
श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन के शुरुआती प्रतिरोध के बाद उन्हें समझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवाया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फूलवती 19 अप्रैल को अपनी बेटी की शादी की सालगिरह मनाने के लिए सोसाइटी आई थीं और तब से वहीं रह रही थीं।
श्रीवास्तव ने बताया कि कांच टूटने की तेज आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने फौरन सोसाइटी के निवासियों को इसकी सूचना दी।
परिजन के मुताबिक कुछ महीने पहले पति की मौत के बाद से फूलवती मानसिक समस्याओं से जूझ रही थीं।
श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.