नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को बुधवार को याद किया और कहा कि भारत आतंकवाद तथा उसे पनाह देने वालों को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा।
गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा किए एक संदेश में कहा, ‘‘अपने लोगों को खोने का दुख और पीड़ा आज भी हर भारतीय के दिल में कायम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है, जिसके खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना और उसे हराना होगा। भारत आतंकवाद और उसे शरण देने वालों को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा।’’
पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष आज ही के दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी थी। इनमें से अधिकतर देशभर से आए पर्यटक थे।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से जवाबी सैन्य कार्रवाई की थी, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी तथा सैन्य ढांचे को नष्ट कर दिया था।
भाषा गोला वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.