scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशचारधाम यात्रा को लेकर चिकित्सा विभाग ने जारी किया परामर्श

चारधाम यात्रा को लेकर चिकित्सा विभाग ने जारी किया परामर्श

Text Size:

जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) राजस्थान राज्य से चारधाम यात्रा के लिए जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है।

निदेशक जन-स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित तीर्थ स्थानों में यात्री का स्वास्थ्य अत्यधिक सर्दी, कम आर्द्रता, अत्यधिक पराबैंगनी किरणें, कम हवा के दबाव और कम ऑक्सीजन की मात्रा से प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि यात्री अपनी यात्रा की योजना कम से कम 7 दिनों के लिए बनाएं, वातावरण के अनुरूप ढलने के लिए समय दें। उन्होंने रोजाना 5-10 मिनट के लिए श्वास व्यायाम का अभ्यास एवं रोजाना 20-30 मिनट टहलने का परामर्श दिया।

उन्होंने बताया कि वृद्धजन या हृदय रोग, अस्थमा, उच्च रक्तचाप या मधुमेह से ग्रसित रोगी फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि साथ ही गर्म कपड़े एवं बारिश से बचाव के लिए रेनकोट, छाता आदि साथ में लें।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच उपकरण, पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर भी साथ रखें। उन्होंने कहा कि हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, अस्थमा, मधुमेह रोग वाले यात्री सभी जरूरी दवा, परीक्षण उपकरण और चिकित्सक का संपर्क नंबर साथ रखें।

उन्होंने बताया कि शराब, कैफीनयुक्त पेयपदार्थ, नींद की गोलियां और शक्तिशाली दर्द निवारक दवाओं का सेवन ना करें, धूम्रपान से भी बचें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कम से कम दो लीटर तरल पदार्थ पीएं और भरपूर पोष्टिक आहार लें। उन्होंने कहा कि पहले मौसम रिपोर्ट की जांच करें तथा अगर डॉक्टर यात्रा न करने की सलाह देते हैं, तो यात्रा न करें।

उत्तराखंड में चिकित्सा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि उत्तराखंड सरकार की ओर से संचालित टोल फ्री नंबर 104 पर कॉल करके तत्काल मदद प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी यात्री को सांस की तकलीफ, बात करने में कठिनाई, लगातार खांसी, चक्कर आना, चलने में कठिनाई, उल्टी, शरीर के एक तरफ कमजोरी या सुन्नता जैसे लक्षण दिखाई दें तो निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र या टोल फ्री नंबर की मदद अवश्य लें। उन्होंने कहा कि कोई भी स्वास्थ्य सम्बंधित आपातकालीन घटना होने पर 104 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

भाषा बाकोलिया अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments