scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशआदि शंकराचार्य ने समाज को सत्य का दर्शन कराने के लिए अद्वैत वेदांत का मार्ग प्रशस्त किया: अमित शाह

आदि शंकराचार्य ने समाज को सत्य का दर्शन कराने के लिए अद्वैत वेदांत का मार्ग प्रशस्त किया: अमित शाह

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि जिस समय भारत अनेक रूढ़ियों से ग्रस्त था और ‘हमारे धर्म’ को निरंतर आघात पहुंचाया जा रहा था, तब जगद्गुरु आदि शंकराचार्य ने समाज को सत्य का दर्शन कराने के लिए अद्वैत वेदांत का मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने आदि शंकराचार्य जयंती के अवसर पर ये बातें कहीं।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सनातन संस्कृति के प्राणाधार, परम पूज्य जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जी की जयंती पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। जिस समय भारत अनेक रूढ़ियों से ग्रस्त था और हमारे धर्म व संस्कृति को निरंतर आघात पहुंचाया जा रहा था, तब उन्होंने समाज को सत्य का दर्शन कराने के लिए अद्वैत वेदांत का मार्ग प्रशस्त किया।’’

शाह ने कहा कि सनातन धर्म की ध्वज-पताका को पूरे देश में पुनः लहराने, संस्कृति को अक्षुण्ण रखने और राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने के लिए शंकराचार्य ने भारत-भ्रमण किया और चार दिशाओं में चार मठ स्थापित किए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘अल्पायु में ही वेदों और शास्त्रों के गूढ़ रहस्यों को आत्मसात कर उन्होंने उपनिषदों पर ऐसे सरल और स्पष्ट भाष्य रचे, जिन्होंने समाज को पुनः वैदिक ज्ञान के पथ पर अग्रसर किया। आदि शंकराचार्य जी के ज्ञान और परिश्रम से ही हमारी संस्कृति पुनः पुष्पित और पल्लवित हुई। आदिशंकर को कोटि-कोटि वंदन।’’

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments