scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु में बलात्कार की घटना पर अन्नपूर्णा देवी ने एनसीडब्ल्यू से तत्काल कार्रवाई की अपील की

तमिलनाडु में बलात्कार की घटना पर अन्नपूर्णा देवी ने एनसीडब्ल्यू से तत्काल कार्रवाई की अपील की

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने तमिलनाडु में एक लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह किया है।

अन्नपूर्णा देवी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘इस भयानक घटना से गहरा दुख पहुंचा है। मैं एनसीडब्ल्यू से आग्रह करती हूं कि वह इस मामले का तुरंत संज्ञान ले और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम करे।’

उन्होंने कहा, ‘ दोषियों को बिना किसी देरी कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘हम इस कठिन घड़ी में पीड़िता और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।’

अन्नपूर्णा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के तहत ‘गंभीर चिंताओं को उजागर करती हैं।’

अन्नामलाई ने अपनी पोस्ट कहा कि कांचीपुरम की 15 वर्षीय एक लड़की तिरुवन्नामलाई जिले के सेय्यारू के पास मंदिर के एक उत्सव में हिस्सा लेने आई थी और तभी यह घटना हुई।

उन्होंने इस घटना को ‘बेहद चौंकाने वाला और क्रोधित करने वाला’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे अपराध तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था की ‘पूर्ण विफलता’ को दर्शाते हैं।

उन्होंने सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की और पीड़िता और उसके परिवार को पूरी सुरक्षा तथा मानसिक परामर्श देने की भी अपील की।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments