भोपाल, 21 अप्रैल (भाषा) लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने के कुछ दिन बाद 27 अप्रैल को मध्यप्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस विशेष सत्र में महिलाओं के सशक्तीकरण सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस विशेष सत्र को लेकर मंगलवार को अधिसूचना जारी की गई।
एक अधिकारी ने बताया कि अधिसूचना के अनुसार, सदन में नारी शक्ति वंदन – महिलाओं का समग्र विकास और उनका सशक्तीकरण’ पर चर्चा होगी।
लोकसभा में ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, पर हुए मत विभाजन के दौरान इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 मत पड़े।
लोकसभा में किसी भी संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। मतदान करने वाले 528 सदस्यों में से विधेयक को दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी।
सरकार ने इस विधेयक के साथ ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ को भी सदन में चर्चा और पारित कराने के लिए रखा था, लेकिन इन्हें भी आगे नहीं बढ़ाया जा सका।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को लोकसभा में विधेयक का समर्थन नहीं करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा था और घोषणा की थी कि इस मामले पर चर्चा के लिए राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा।
भाषा ब्रजेन्द्र अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.