चेन्नई, 21 अप्रैल (भाषा) अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र में 10 अतिरिक्त कल्याणकारी उपायों की घोषणा की, जिससे कुल वादों की संख्या 297 से बढ़कर 307 हो गई।
राज्य की 234 विधानसभा सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अन्नाद्रमुक ने सभी जिला मुख्यालयों में 24 घंटे निगरानी के लिए “वॉर रूम” स्थापित करने का वादा किया है।
पलानीस्वामी ने एक बयान जारी कर कहा कि यदि अन्नाद्रमुक सत्ता में आती है, तो चयनित 10 लाख बेरोजगार युवाओं को दोपहिया वाहन खरीदने के लिए 10,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी टीवी केबल के मासिक शुल्क में 50 प्रतिशत की कमी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज छात्रों को रोजगार के अवसरों तक पहुंच और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए एक विशेष परामर्श टीम का गठन किया जाएगा।
आम का उत्पादन करने वाले किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
युवाओं को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) शुरू करने के लिए 30 दिनों के भीतर लाइसेंस देने के वास्ते एकल खिड़की प्रणाली लागू की जाएगी।
अन्नाद्रमुक नेता ने यह भी घोषणा की कि कडलूर और विलुप्पुरम जिलों में छोटे पैमाने पर काजू की खेती से जुड़ी महिलाओं को काजू के कठोर छिलके उतारने की मशीनें मुफ्त दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ताड़ के पेड़ों से गिरने से मृत्यु होने पर परिजनों को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
इसी तरह, निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटनावश इमारत से गिरकर मरने वाले श्रमिकों के परिवारों को 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
पलानीस्वामी ने कहा कि कृष्णागिरि जिले में जल्लीकट्टू उत्सव को पारंपरिक रूप से मनाने के लिए सरकारी आदेश जारी किया जाएगा।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.