जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक चालक की पिटाई करने वाले पुलिस कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कांस्टेबल अनुराग को लाइन हाजिर कर दिया और उसे अलवर पुलिस लाइन स्थनांतरित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना सोमवार अपराह्न तीन बजे नौगांवा थाना क्षेत्र में रसगन गांव के पास एक्सप्रेस-वे की पुलिया नंबर 85 पर हुई।
भरतपुर के सीकरी थाना क्षेत्र के जौनपुर गांव निवासी हाकम खान ने बताया कि उसका छोटा भाई राजू अपना ट्रक दिल्ली में ट्रांसपोर्ट कंपनी में खड़ा कर घर आया था।
उन्होंने बताया कि सोमवार को राजू और खलासी अनुज एक्सप्रेसवे की पुलिया नंबर 85 पर दिल्ली जाने के लिए खड़े थे तथा एक ट्रक चालक ने उन्हें बैठा लिया।
खान ने बताया कि जब दोनों ट्रक में बैठने लगे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने टोका।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने दो सौ रुपए मांगे और राजू ने जब पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी कांस्टेबल ने मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद अनुज ने मुझे फोन कर घटना की जानकारी दी।
पीड़ित के भाई ने बताया, “मैं वहां पहुंचा तो राजू की हालत बहुत खराब थी। उसे अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।”
रामगढ़ पुलिस उपाधीक्षक पिंटू कुमार ने बताया कि मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया, लेन सिस्टम के बारे में समझाने के दौरान वीडियो बनाने को लेकर पुलिसकर्मी से कहासुनी हुई थी।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.