scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशकेरल आतिशबाजी विस्फोट: प्रधानमंत्री मोदी ने दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

केरल आतिशबाजी विस्फोट: प्रधानमंत्री मोदी ने दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के त्रिशूर में पटाखा बनाने वाली एक इकाई में विस्फोट होने से हुई जानमाल की हानि पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो. दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’

मुंडाथिकोड में पटाखा बनाने वाली एक इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम आठ लोग मारे गए और कई अन्य लोग झुलस गए।

इससे पहले मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘केरल के त्रिशूर में पटाखा बनाने वाली एक इकाई में हुई दुर्घटना में जानमाल की हानि के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

विस्फोट के समय घटनास्थल पर करीब 40 लोगों के मौजूद होने की आशंका है। हादसे में कई लोग झुलस गए और इनमें से कई की हालत गंभीर है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ईकाई में आगामी त्रिशूर पूरम के लिए आतिशबाजी तैयारी की जा रही थी।

त्रिशूर पूरम 26 अप्रैल को है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments