scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमखेलमुंबई के पूर्व क्रिकेटर किरण पोवार बने असम रणजी टीम के मुख्य कोच

मुंबई के पूर्व क्रिकेटर किरण पोवार बने असम रणजी टीम के मुख्य कोच

Text Size:

मुंबई, 20 अप्रैल (भाषा) मुंबई और बड़ौदा के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर किरण पोवार को 2026-27 के घरेलू सत्र के लिए असम की पुरुष टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है। उन्होंने सोमवार को यह जानकारी दी।

बाएं हाथ के 50 साल के पूर्व खिलाड़ी किरण मुंबई, बड़ौदा और असम के लिए खेले हैं। वह भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार के बड़े भाई हैं। पिछले सत्र में किरण मुंबई की अंडर-23 टीम के प्रभारी थे और यह सीनियर टीम के साथ उनका पहला कार्यकाल होगा जिसमें वह प्रभारी होंगे।

किरण ने पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे असम रणजी टीम का कोच नियुक्त किए जाने पर बहुत खुशी है। मैं उनके साथ काम करने के लिए बेहद उत्सुक हूं।’’

किरण ने 71 सीनियर स्तर के मुकाबलों (प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए) में लगभग 3500 रन बनाए हैं।

किरण ने बताया कि जब वह सीके नायुडू ट्रॉफी के लिए मुंबई की अंडर-23 टीम के साथ आए थे तो वह असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के ‘विजन’ से बहुत प्रभावित हुए थे जिसकी वजह से उन्होंने उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं मुंबई की अंडर-23 टीम के कोच के तौर पर यहां आया था तो मैं उनके विजन से सचमुच बहुत प्रभावित हुआ था।’’

उन्होंने अपने समर्थन के लिए मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक को भी धन्यवाद दिया।

किरण ने कहा, ‘‘एमसीए और उसके अध्यक्ष अजिंक्य नाईक का मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने तब मेरा साथ दिया जब बहुत से लोग मेरे खिलाफ थे। मैं भारी मन से मुंबई छोड़ रहा हूं। आज मैं जिंदगी में जो कुछ भी हूं वह मुंबई क्रिकेट की वजह से ही हूं।’’

भाषा सुधीर पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments