फरीदाबाद, 17 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद से 15 अप्रैल को लापता हुई 45 वर्षीय महिला का नग्न शव यहां महोला गांव में खेतों के किनारे एक नहर के पास मिला। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृत महिला की साड़ी और मंगलसूत्र शव से दूर पड़े मिले। महिला काबुलपुर गांव में अपने परिवार के साथ रहती थी।
पुलिस ने बताया कि महिला 15 अप्रैल को बिजली का बिल भरने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार ने सेक्टर 58 पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों ने बताया कि वे आसपास के गांवों में महिला की तलाश कर रहे थे। महोला गांव के आसपास के खेतों में एक नाले के पास, उन्हें एक साड़ी मिली, जिसे मृत महिला के बेटे ने अपनी मां की साड़ी के रूप में पहचाना।
परिजनों ने बताया कि आसपास के इलाके की तलाशी के बाद, उन्हें महिला का नग्न शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से नमूने एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।
इस संबंध में हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.