scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशदिल्ली यातायात पुलिस ने ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत आईजीआई हवाई अड्डे के आसपास प्रवर्तन अभियान तेज किया

दिल्ली यातायात पुलिस ने ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत आईजीआई हवाई अड्डे के आसपास प्रवर्तन अभियान तेज किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के आसपास ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है, जिससे महरम नगर गांव में यातायात प्रवाह और सड़क अनुशासन में सुधार हुआ है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

बयान में कहा गया है कि आईजीआई हवाई अड्डा यातायात के तहत आने वाले महरम नगर में एक समीक्षा बैठक की गई, जिसमें यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, निवासी और बाजार कल्याण संघों के प्रतिनिधियों, जीएमआर के अधिकारियों, दिल्ली छावनी बोर्ड और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

पुलिस ने बताया कि बैठक में अनुचित पार्किंग और अनधिकृत विक्रेताओं द्वारा भीड़भाड़ और वाहनों की सुचारू आवाजाही में बाधा उत्पन्न करने जैसी प्रमुख चिंताओं पर चर्चा की गई।

बयान में कहा गया है कि इसके जवाब में, बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन व्यवस्थित तरीके से अतिक्रमण हटाने के निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसमें कहा गया है कि बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने के लिए पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने के वास्ते दिल्ली छावनी बोर्ड से भी संपर्क किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि एक से 16 अप्रैल के बीच, ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत 614 ई-चालान व प्राधिकरण की शर्तों (वीओसीए) के उल्लंघन के लिए 479 नोटिस जारी किए गए और इसके अलावा 113 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments