नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को नगर निगम (एमसीडी) को स्वच्छता सहित प्रमुख नगरीय मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और बाजार क्षेत्रों तथा फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया।
लोक निवास के अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में संधू ने स्वच्छता को “प्राथमिकता क्षेत्र” बताया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल ने कचरा हटाने की प्रक्रिया तेज करने और पूरे शहर में मशीनीकृत सड़क सफाई मशीनों की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाजार क्षेत्रों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने तथा प्रभावी रोकथाम के लिए जुर्माना वसूली सुनिश्चित करने को कहा।
संधू ने प्रमुख बाजारों में पार्किंग ढांचा विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि भीड़भाड़ कम हो और पहुंच बेहतर हो सके।
उन्होंने सड़कों और ‘स्ट्रीट लाइट’ के समय पर रखरखाव के निर्देश भी दिए, ताकि सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
बयान के अनुसार, उपराज्यपाल ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान उपलब्ध कराना और उसका रखरखाव शामिल है।
आवारा पशुओं की समस्या पर संधू ने प्रत्येक जोन में ‘डॉग शेल्टर होम’ स्थापित करने सहित एक सुव्यवस्थित दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.