scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतगोवा में ऊंचे शुल्क से बचने के लिए होटल खुद घटा रहे अपनी श्रेणीः मंत्री

गोवा में ऊंचे शुल्क से बचने के लिए होटल खुद घटा रहे अपनी श्रेणीः मंत्री

Text Size:

पणजी, 17 अप्रैल (भाषा) गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य में स्टार रेटिंग वाले कई होटल अधिक सरकारी शुल्क से बचने के लिए जानबूझकर अपनी श्रेणी घटा रहे हैं, जिससे राजस्व को नुकसान हो रहा है।

खौंटे ने पोर्वोरिम में संवाददाताओं से कहा कि कुछ पांच सितारा होटल, जो ‘ए’ या ‘बी’ श्रेणी में होने चाहिए, वे उससे नीचे की श्रेणी में जा रहे हैं ताकि ऊंचे शुल्क से बचा जा सके।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस मामले में पर्यटन विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जो इन होटलों का भौतिक निरीक्षण कर उनकी श्रेणी तय करने के लिए जिम्मेदार थे।

उन्होंने बताया कि पर्यटन निदेशक केदार नाइक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है, जो राज्य के सभी पर्यटन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उनकी श्रेणी की जांच करेगी।

खौंटे ने कहा कि विभाग ने इन प्रतिष्ठानों के लिए विभिन्न मानकों के आधार पर श्रेणियां तय की हैं, लेकिन कई होटल अधिक शुल्क से बचने के लिए स्वयं अपनी श्रेणी घटा रहे हैं, जिससे राज्य को राजस्व नुकसान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि यह टीम होटल पंजीकरण, नवीनीकरण और अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच करेगी।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments