श्रीनगर, 15 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में एक प्राध्यापक द्वारा एक छात्रा का यौन उत्पीड़न किए जाने की घटना के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान उपद्रव करने के मामले में कथित तौर पर शामिल पांच अन्य लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 13 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, सोपोर के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक वरिष्ठ व्याख्याता के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया था।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शन को बाधित करने में शामिल तत्वों के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत सोपोर पुलिस ने रात भर छापेमारी की तथा पांच और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।’’
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में घुसपैठ की और तोड़फोड़ समेत अन्य घटनाओं को अंजाम देते हुए कानून-व्यवस्था बिगाड़ दी।
पुलिस ने मंगलवार को बताया था कि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि 13 अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे सभी तत्वों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता, तब तक छापेमारी और तलाशी अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस ने कहा, ‘‘अव्यवस्था फैलाने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। सोपोर पुलिस शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सोपोर के लोगों द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग और समर्थन की सराहना करती है तथा सभी नागरिकों से सतर्क रहने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहायता जारी रखने का आग्रह करती है।’’
यह मामला सोमवार को सामने आया, जिसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शिक्षा विभाग के निदेशक ने व्याख्याता को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
इस मामले में विभाग के संयुक्त निदेशक (उत्तर कश्मीर) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और उनसे 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
भाषा
यासिर मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
