चंडीगढ़, 15 अप्रैल (भाषा) आनंदपुर साहिब से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक बस पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पलट गई, जिससे उसमें सवार छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे बस्सी पठाना के मोरिंडा-चुन्नी रोड क्षेत्र में हिम्मतपुरा के पास हुई। बस में सवार श्रद्धालु फतेहगढ़ साहिब के मेन माजरी के निवासी थे और बैसाखी के अवसर पर रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब से मत्था टेकने के बाद लौट रहे थे।
फतेहगढ़ साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शुभम अग्रवाल ने कहा, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वाहन में कुछ खराबी आ गई होगी।
बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे।
फतेहगढ़ साहिब के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राज कुमार ने बताया कि इस घटना में एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए।
घायलों को फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना और मोइंडा (रूपनगर) के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
कुछ मरीजों को चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में रेफर किया गया।
दुर्घटना के बाद कई स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों में मदद की।
घायलों में से एक महिला ने बताया कि बस मेन माजरी गांव पहुंचने ही वाली थी कि अचानक पलट गई।
बस्सी पठाना के विधायक रूपिंदर सिंह मंगलवार रात घटनास्थल पर पहुंचे।
विधायक ने कहा कि सभी श्रद्धालु मेन माजरी गांव के थे।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने श्रद्धालुओं के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया।
वडिंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आनंदपुर साहिब से श्रद्धालुओं के लौटने के दौरान बस्सी पठाना के पास हुए दुखद बस हादसे से मैं बहुत दुखी हूं। अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वाहेगुरु इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करें।’’
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘बैसाखी के दिन श्री आनंदपुर साहिब से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुई दुखद बस दुर्घटना में छह लोगों की मौत की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं वाहेगुरु जी से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
