scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशचीनी मिल में गैस रिसाव से एक कर्मचारी की मौत, पांच अन्य की तबीयत खराब

चीनी मिल में गैस रिसाव से एक कर्मचारी की मौत, पांच अन्य की तबीयत खराब

Text Size:

बागपत (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र स्थित मलकपुर चीनी मिल में मंगलवार देर शाम अपशिष्ट निस्तारण संयंत्र में जहरीली गैस का रिसाव होने से एक बुजुर्ग कर्मचारी की मौत हो गई तथा पांच अन्य गम्भीर रूप से बीमार हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मलकपुर चीनी मिल में मंगलवार देर शाम अपशिष्ट निस्तारण संयंत्र से अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया जिसके संपर्क में आने से चीनी मिल के सुरक्षा गार्ड सुरेश शर्मा (62) समेत छह लोग बेहोश हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया लेकिन तब तक शर्मा की मौत हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच अन्य कर्मचारी बीमार हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें से हमीद और साकिब की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि शीर्ष अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी प्रकार का गैस रिसाव नहीं हो रहा है।

भाषा सं सलीम शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments