नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को तमिलनाडु महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एम. हसीना सैयद को ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के कारण छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।
हसीना ने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख अलका लांबा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के संदर्भ में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हसीना सैयद को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
इसमें कहा गया, ‘कांग्रेस अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) ने तमिलनाडु महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एम. हसीना सैयद को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव-2026 के दौरान उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण तत्काल प्रभाव से छह साल की अवधि के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।’
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
