scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशहम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध: भजनलाल शर्मा

हम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध: भजनलाल शर्मा

Text Size:

जयपुर, 14 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर चलते हुए विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जैसा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने कल्पना की थी।

जयपुर में आंबेडकर की 135वीं जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि ‘‘डबल इंजन सरकार’’ समावेशी विकास और समाज के सभी वर्गों के सशक्तीकरण के मंत्र पर काम कर रही है।

उन्होंने युवाओं से आंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के खिलाफ अत्याचार के मामलों में 28 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।

सरकारी पहलों को रेखांकित करते हुए उन्होंने शहरी क्षेत्रों में 200 आंबेडकर ‘ई-लाइब्रेरी’ और जयपुर के मूंडला में आंबेडकर आवासीय कोचिंग केंद्र की स्थापना की घोषणा की।

उन्होंने कहा कहा कि राज्य ने पिछड़े और वंचित वर्गों का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण किया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाएं—स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना और आयुष्मान भारत—इन वर्गों को बड़े पैमाने पर लाभ पहुंचा रही हैं।

शर्मा ने पेंशन और पालनहार योजनाओं के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1,363 करोड़ रुपये जारी किए।

उन्होंने 10 छात्रावास भवनों का उद्घाटन किया, 17 अन्य की आधारशिला रखी और जामडोली में एक पुस्तकालय का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित एक मदद मंच ‘‘समाधान साथी’’ की भी शुरुआत की।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आंबेडकर के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी उपस्थित थे।

भाषा बाकोलिया खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments