scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशगन्ना शोध संस्थान के सुपरवाइजर को अगवा करके मारपीट, सात लोगों पर मामला दर्ज

गन्ना शोध संस्थान के सुपरवाइजर को अगवा करके मारपीट, सात लोगों पर मामला दर्ज

Text Size:

शाहजहांपुर (उप्र), 14 अप्रैल (भाषा) शाहजहांपुर जिले में गन्ना शोध संस्थान में तैनात एक सुपरवाइजर को कुछ दबंगों ने कथित तौर पर उस वक्त अगवा कर लिया जब वह घर लौट रहे थे और उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि गन्ना संस्थान में सुपरवाइजर के पद पर तैनात सचिन मिश्रा ने गत आठ अप्रैल को उनसे मुलाकात कर उन के साथ हुई मारपीट की शिकायत की थी।

दीक्षित ने बताया कि मिश्रा की तहरीर पर उसी दिन अनुज मिश्रा समेत सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि घटना का कथित वीडियो सामने आया है और उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित सचिन मिश्रा ने बताया कि वह शाहजहांपुर से तीन अप्रैल को अपने घर वापस जा रहे थे तभी अनुज मिश्रा ने अपने साथियों के साथ उसका अपहरण कर अपनी कार में बैठा लिया और अपने घर ले गए जहां उसकी पिटाई की गई।

मिश्रा के मुताबिक आरोपियों ने बाद में उसके परिजनों को फोन किया तब उसके भाई ने आकर उसे छुड़ाया था।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि यह घटना लंबे समय से जारी एक पारिवारिक विवाद के कारण हुई।

इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें सोफे पर बैठे एक व्यक्ति को एक अन्य व्यक्ति अपशब्द कहते हुए थप्पड़ मार रहा है। हालांकि पीटीआई इस वीडियो की पुष्टि नहीं कर सका।

भाषा सं सलीम वैभव शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments