गुवाहाटी, 11 अप्रैल (भाषा) गुवाहाटी के पत्रकारों ने असम में हाल में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान ‘‘मीडिया पर हमलों’’ को लेकर शनिवार को चिंता व्यक्त की। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान में कहा गया है कि गुवाहाटी प्रेस क्लब में लगभग 150 पत्रकारों की मौजूदगी में आयोजित एक बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस मामले को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और निर्वाचन आयोग को ज्ञापन दिये जाएंगे।
बयान के अनुसार, पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के उस बयान पर चिंता व्यक्त की, जिसमें उन्होंने कहा था कि सत्ता में लौटने पर वह दो मीडिया समूहों को ‘‘राजनीतिक और बौद्धिक रूप से’’ समाप्त कर देंगे।
इसमें कहा गया है कि विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के कुछ घंटे बाद, बृहस्पतिवार रात को उत्तरी लखीमपुर स्थित असमिया दैनिक ‘असोमिया प्रतिदिन’ के कार्यालय पर हुए हमले पर भी चिंता जताई गई।
बयान में कहा गया है कि बैठक में शामिल पत्रकारों ने दावा किया कि प्रेस पर ‘‘सुनियोजित हमला’’ किया जा रहा है, जिससे उसकी स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है।
इसमें कहा गया है कि उन्होंने सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, वकीलों और नागरिक समाज के सदस्यों को शामिल कर एक स्वतंत्र मीडिया आयोग की भी वकालत की, ताकि सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता संबंधी चिंताओं का समाधान किया जा सके।
बयान में कहा गया है कि बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए गए।
गुवाहाटी प्रेस क्लब ने अन्य प्रेस क्लबों से भी हाल की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन करने की अपील की और मीडियाकर्मियों पर हुए हमलों के संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, भारतीय प्रेस परिषद, निर्वाचन आयोग, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, राज्य के मुख्य सचिव और उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का संकल्प लिया।
असम की 126-सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को हुआ था और मतगणना चार मई को होगी।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
