गुरुग्राम, 11 अप्रैल (भाषा) हरियाणा विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गोपीचंद गहलोत का यहां सेक्टर 28 में शनिवार को निधन हो गया। परिजन ने यह जानकारी दी।
वह 76 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार थे।
गहलोत ने 2000 में गुड़गांव सीट जीतने के बाद इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सरकार में विधानसभा उपाध्यक्ष का पद संभाला। कहा जाता है कि वह चौटाला परिवार के करीबी थे और उन्होंने 2005 तथा 2014 में भी इनेलो के टिकट पर गुड़गांव सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार हार गए।
गहलोत हरियाणा में लंबे समय से विधायक रहे हैं और वह गुरुग्राम निर्वाचन क्षेत्र से भी चुने जा चुके हैं। उन्होंने एक निर्दलीय विधायक के रूप में भी विधानसभा में प्रवेश किया था, जिसके बाद वह 2019 में भाजपा में शामिल हो गए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘हरियाणा के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष गोपीचंद गहलोत के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उनका विनम्र स्वभाव और जन कल्याण के प्रति समर्पण हमेशा याद रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।’’
उनके बेटे सुरेंद्र गहलोत ने शाम को सोशल मीडिया पर अपने पिता के निधन की सूचना साझा की। पूर्व सहयोगियों और विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
भाषा यासिर माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
