सिलीगुड़ी (प.बंगाल), 11 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में कई चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बागडोगरा हवाई अड्डे से अपने रात्रि प्रवास स्थल की ओर रवाना हुए, जहां उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
वह रविवार दोपहर को सिलीगुड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
मोदी ने दिन में पहले पूर्व बर्धमान, जंगीपुर और बालुरघाट में रैलियों को संबोधित किया था और शाम को उत्तरी बंगाल के इस शहर के पास स्थित बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचे थे।
हालांकि भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा साझा किए गए प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम में सिलीगुड़ी में किसी रोडशो का उल्लेख नहीं था, लेकिन हवाई अड्डे से उनकी यात्रा एक रोडशो में बदल गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रास्ते के दोनों ओर भारी भीड़ उनका स्वागत करने के लिए खड़ी थी।
प्रधानमंत्री के काफिले के शहर से धीरे-धीरे गुजरते समय लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया, नारे लगाए और उन पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।
मोदी भी भीड़ का अभिवादन करते नजर आए।
भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘‘रोडशो का कोई कार्यक्रम तय नहीं था, लेकिन लोग खुद ही मोदी जी को देखने और उनका अभिवादन करने के लिए निकले और अंततः यह एक रोडशो में बदल गया।’’
भाषा देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
