मुल्लांपुर, 11 अप्रैल (भाषा) सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 28 गेंद में 74 रन की तूफानी पारी के बाद पंजाब किंग्स ने वापसी करते हुए शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट पर 219 रन के स्कोर पर रोक दिया।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अभिषेक और ट्रेविस हेड (23 गेंद में 38 रन) ने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी निभाई।
इसमें पंजाब किंग्स के विजयकुमार विशाक काफी खर्चीले रहे जिनके पहले ही ओवर में अभिषेक ने चार छक्के जड़ दिए। अभिषेक ने इसी ओवर में 18 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया।
पर घरेलू टीम ने शशांक सिंह (तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट) की बदौलत वापसी की जिन्होंने एक ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया।
इससे नौवें ओवर की शुरुआत में बिना विकेट गंवाए 120 रन पर पहुंचने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 220 रन के अंदर ही सिमट गई।
जेवियर बार्टलेट (चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट) ने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए महज पांच रन दिए।
अभिषेक (आठ छक्के, पांच चौके) ने पारी की तेज शुरुआत की, उन्होंने अर्शदीप सिंह पर कवर के ऊपर से शॉट लगाकर चौका जड़ा।
अभिषेक ने बार्टलेट के खिलाफ दो चौके लगाए और फिर अर्शदीप के खिलाफ तेजी से रन जुटाए।
मार्को यानसेन की भी जमकर धुनाई हुई। इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ के पहले ही ओवर में 16 रन बने जिससे सनराइजर्स हैदराबाद चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 60 रन तक पहुंच गई।
अभिषेक ने फिर चार छक्कों से वैशाक के पहले ही ओवर में 24 रन जुटा लिए जिससे पांच ओवर में स्कोर बिना विकेट गंवाए 84 रन था जो इस मैदान पर पावरप्ले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इसके बाद दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। हेड ने लगातार तीन चौके जड़े और अभिषेक ने डीप मिडविकेट के ऊपर से एक छक्का लगाकर पावरप्ले के अंदर ही टीम का स्कोर 100 तक पहुंचा दिया।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेल की गति धीमी करने के लिए शशांक और स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंद सौंपी। शशांक ने अपने पहले ओवर में महज छह रन दिए।
चहल ने अपनी पहली पांच गेंद में सिर्फ तीन रन दिए जिसके बाद अभिषेक ने इस लेग स्पिनर पर एक जोरदार छक्का जड़ दिया।
शशांक को गेंदबाजी पर लगाए रखने का पंजाब किंग्स को फायदा मिला। उन्होंने एक साधारण सी गेंद पर हेड के रूप में टीम को पहली और अहम सफलता दिलाई जो सीधे लांग ऑफ में खड़े क्षेत्ररक्षक को कैच दे बैठे।
शशांक ने फिर अभिषेक को फुल लेंथ गेंद फेंकी और यह बल्लेबाज अर्शदीप के हाथों लपका गया।
श्रेयस ने अपनी सूझबूझ भरी कप्तानी का परिचय देते हुए चहल को एक और ओवर दिया। मैच की स्थिति को देखते हुए चहल ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और इस ओवर में सिर्फ नौ रन दिए।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन (17 गेंद में 27 रन) अर्शदीप की गेंद पर आउट हो गए जबकि हेनरिक क्लासेन (33 गेंद में 39 रन) अंतिम ओवर में आउट हुए।
भाषा नमिता पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
