scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशअर्थजगतआपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करने के उपायों पर उद्योग मंत्री गोयल की सऊदी व्यापार मंत्री से बातचीत

आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करने के उपायों पर उद्योग मंत्री गोयल की सऊदी व्यापार मंत्री से बातचीत

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को सऊदी अरब के व्यापार मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ बातचीत कर पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

इससे पहले गोयल ने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत के अपने समकक्ष मंत्रियों के साथ भी इसी विषय पर विचार-विमर्श किया था।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, गोयल और कासबी के बीच यह बातचीत वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हुई। दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई और भारत-खाड़ी सहयोग परिषद मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता में जल्द प्रगति को लेकर आशा जताई।

दोनों पक्षों ने माना कि क्षेत्रीय संघर्ष के कारण आपूर्ति शृंखलाओं पर दबाव पड़ा है और समन्वित प्रयासों के जरिए व्यापार को सुचारु बनाने तथा स्थिति को जल्द सामान्य करने की आवश्यकता है। गोयल ने सऊदी अरब और खाड़ी क्षेत्र को निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भारत द्वारा उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी।

अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमले के कारण अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जहाजों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हुई। इस संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में वस्तुओं की आपूर्ति करना निर्यातकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। भारत और इस क्षेत्र के बीच 2024-25 में कुल 178 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार हुआ, जिसमें 56.87 अरब डॉलर का निर्यात और 121.67 अरब डॉलर का आयात शामिल है।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments