नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को घोषणा की कि राष्ट्रीय राजधानी में अटल कैंटीन में अब दोपहर का भोजन सुबह 10:30 बजे से अपराह्न दो बजे तक और रात्रि भोजन शाम छह बजे से रात 9:30 बजे तक परोसा जाएगा।
संशोधित समय-सारणी दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) की 35वीं बोर्ड बैठक के दौरान अनुमोदित व्यापक बदलाव का हिस्सा है। बैठक की अध्यक्षता गुप्ता ने की, जिसमें ‘गिग वर्कर्स’ के लिए विश्राम केंद्र स्थापित करने और 717 झुग्गीवासियों को आवास आवंटित करने को भी मंजूरी दी गई।
वर्तमान में कैंटीन में दोपहर का भोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न दो बजे तक और रात का भोजन शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक परोसा जाता है।
गुप्ता ने ‘गिग वर्कर्स’ और मजदूरों के लिए समर्पित विश्राम केंद्रों और सार्वजनिक उपयोगिता केंद्रों के विकास की भी घोषणा की, जिन्हें अटल कैंटीनों के साथ एकीकृत किया जाएगा ताकि भोजन, विश्राम और आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा सकें।
भाषा यासिर राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
