scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशदिल्ली: महरौली के फार्महाउस के पूल में डूबने से ढाई वर्षीय बच्चे की मौत; मालिक पर मामला दर्ज

दिल्ली: महरौली के फार्महाउस के पूल में डूबने से ढाई वर्षीय बच्चे की मौत; मालिक पर मामला दर्ज

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में एक फार्महाउस के स्विमिंग पूल में कथित तौर पर गिरने से ढाई साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई । पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में बृहस्पतिवार को फार्महाउस मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मृतक बच्चे के परिवार ने बताया कि लड़का बुधवार शाम इलाके में एक निर्माण स्थल के पास खेल रहा था, जैसा कि वह अक्सर करता था।

बच्चे के नाना विपिन ने कहा, ‘उस शाम, हम फार्महाउस के पास निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे जबकि वह पास में खेल रहा था। शाम करीब 6.15 बजे, उसने हमें बताया कि उसे भूख लगी है और वह घर चला गया।’

उन्होंने बताया कि बच्चे की मां ने उसे खाना खिलाया, जिसके बाद वह यह कहकर फिर से बाहर निकल गया कि वह पास में रहने वाली अपनी मौसी के घर जा रहा है।

विपिन ने बताया कि वह राजमिस्त्री हैं और बच्चे के पिता बंगाली मांझी के साथ फार्महाउस के पास निर्माण कार्य में लगे हुए थे। काम की तलाश में बिहार के भागलपुर से देश की राजधानी आने के बाद यह परिवार पिछले तीन महीनों से इसी इलाके में रह रहा है।

उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर यहां आसपास घूमता रहता था और खेलने के लिए कार्यस्थल पर आता था। वह इलाके से परिचित था।

जब बच्चा लापता हो गया, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब सात बजे उसकी नानी ने फार्महाउस के स्विमिंग पूल के पास कपड़ों का एक जोड़ा पड़ा देखा, जिससे संदेह पैदा हुआ।

विपिन ने कहा, ‘जब हमने पूल के पास कपड़े देखे, तो हम वहां पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।’

उन्होंने बताया कि जब परिवार पूल के पास पहुंचा, तो बच्चे का शव पानी में तैर रहा था। उसे बाहर निकाला गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

उन्होंने कहा, ‘हमने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा। वह कभी पूल के पास नहीं जाता था और न ही पानी छूता था।’

पुलिस ने बताया कि बच्चे को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमने फार्महाउस मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या पूल के चारों ओर बैरियर या निगरानी जैसे पर्याप्त सुरक्षा उपाय मौजूद थे।’

उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments