जयपुर, 10 अप्रैल (भाषा) राजस्थान में करोड़ों रुपये के जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाला मामले में गिरफ्तार पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) की अदालत ने शुक्रवार को तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बचाव पक्ष के वकील अमित सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि एसीबी ने पांच दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने तीन दिन की रिमांड मंजूर की।
अदालत में पेश किए जाने से पहले सुबोध अग्रवाल ने समर्पण करने से इनकार करते हुए कहा कि वह खुद जांच में सहयोग करने आए हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने न तो आत्मसमर्पण किया है और न ही मुझे लाया गया है। मैं अपनी इच्छा से सहयोग करने आया हूं। मुझे न्याय पर विश्वास है-सत्यमेव जयते।”
बचाव पक्ष के वकील अमित सिंह ने बताया कि अग्रवाल को 13 अप्रैल को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
एसीबी ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी को गिरफ्तार किया था। जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन अभी भी फरार हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि गणपति ट्यूबवेल्स और श्याम ट्यूबवेल्स नामक कंपनियों ने निविदा प्रक्रिया में फर्जी प्रमाण-पत्र जमा किए थे और आरोपी अधिकारियों ने इसके बारे में जानते हुए भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
