scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र सरकार ने आंबेडकर जयंती के अवसर पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया

महाराष्ट्र सरकार ने आंबेडकर जयंती के अवसर पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया

Text Size:

ठाणे, 10 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के कोंकण मंडल में सभी सरकारी एजेंसियों को 14 अप्रैल को डॉ. बी. आर. आंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह के लिए सख्ती से सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया है।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस समारोह में हेलीकॉप्टर से पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी तथा और पूरे संभाग में ‘सामाजिक समता सप्ताह’ मनाया जाएगा।

इस संबंध में कोंकण संभाग आयुक्त रुबल अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुंबई के दादर स्थित चैत्यभूमि में लाखों श्रद्धालुओं के एकत्रित होने की संभावना है और इसलिए पुलिस, नगर निगम और जिला प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना होगा।

साथ ही उन्होंने नगर निगमों को चैत्यभूमि क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, अस्थायी शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए।

अधिकारी ने बताया कि रेलवे और बीईएसटी (बेस्ट)मिलकर आगंतुकों के सुचारू परिवहन के लिए समन्वय करेंगे।

अग्रवाल ने जिलाधिकारियों को ‘सामाजिक समता सप्ताह’ के अंतर्गत संविधान की प्रतियां वितरित करने, व्याख्यान आयोजित करने और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का आयोजन करने के लिए भी कहा है।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments