scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशनगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए अपराह्न एक बजे तक 59 प्रतिशत मतदान

नगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए अपराह्न एक बजे तक 59 प्रतिशत मतदान

Text Size:

कोहिमा, नौ अप्रैल (भाषा) नगालैंड में कोरीडांग विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को उपचुनाव के लिए अपराह्न एक बजे तक 59 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और यहां कुल 22,382 मतदाता मत का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सभी 30 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम चार बजे तक जारी रहेगा।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अपराह्न एक बजे तक मतदान प्रतिशत 59.52 रहा और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।’’

पांच और छह अप्रैल को हुई हिंसा के बाद पूरे निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।

पिछले साल नवंबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं इस सीट से विधायक इम्कोंग एल. इम्चेन के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था।

इस चुनाव में कुल 22,382 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 11,071 महिलाएं शामिल हैं।

इस विधानसभा उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं।

सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस’ (पीडीए) में शामिल भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे दाओचिर आई. इम्चेन को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने टी. चालुकुम्बा आओ को इस सीट से प्रत्याशी बना है। ‘नेशनल पीपुल्स पार्टी’ के उम्मीदवार आई. अबेनजांग हैं और निर्दलीय उम्मीदवारों में इम्चटोबा इम्चेन, इम्तिवापांग और तोशिकाबा शामिल हैं।

कुल 30 मतदान केंद्रों में से 13 को संवेदनशील और 17 को अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है जहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है। दो मतदान केंद्रों पर सभी कर्मचारी महिलाएं हैं।

मतगणना चार मई को होगी।

भाषा यासिर वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments