गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) संगीतकार जुबिन गर्ग की पत्नी और बहन ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव में अपना वोट डाला और लोगों से अपनी पसंद की सरकार चुनने का आग्रह किया, साथ ही लोकप्रिय गायक की मौत के मामले में शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद जताई।
हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुईं जुबिन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग अपनी ननद पाल्मे बोरठाकुर के साथ गुवाहाटी के दिसपुर निर्वाचन क्षेत्र में मतदान करने पहुंचीं।
गरिमा ने कहा, ‘मतदान करना हमारा कर्तव्य है और इसीलिए मैं अस्वस्थ होते हुए भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने आयी हूं।’
अपने पति की मौत के मामले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हम उनके लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द से जल्द न्याय मिलेगा।’
बोरठाकुर ने कहा, ‘हम सभी ने अपना वोट डाल दिया है। मैं सभी से जागरुक नागरिकों के रूप में वोट डालने का आग्रह करती हूं ताकि हमें अपनी पसंद की अच्छी सरकार मिल सके।’
गायक-संगीतकार की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मृत्यु हो गई थी, जहां वह नॉर्थ ईस्ट इंडिया उत्सव में भाग लेने गए थे।
असम पुलिस की सीआईडी की एक विशेष जांच टीम ने उनकी मौत की जांच की है और दिसंबर में अपना आरोपपत्र दाखिल किया, जिसके बाद अब एक फास्ट ट्रैक कोर्ट मामले की सुनवाई कर रही है।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा तान्या वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
