scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलयुगल में जीत के बावजूद थाईलैंड से 1-2 से हारा भारत

युगल में जीत के बावजूद थाईलैंड से 1-2 से हारा भारत

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) रुतुजा भोसले और अंकिता रैना की युगल मुकाबले में जीत के बावजूद भारत बुधवार को यहां सहजा यमलापल्ली की तीन सेट तक चले मुकाबले में पैचरिन चीपचंदेज से पराजय के कारण बारिश से प्रभावित बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशिनिया ग्रुप एक के पहले मुकाबले में थाईलैंड से 1-2 से हार गया।

विश्व रैंकिंग में 384वें स्थान पर काबिज सहजा पर बहुत कुछ निर्भर था। यह मैच बारिश के कारण मंगलवार को बीच में रोकना पड़ा था।

भारत पहला एकल मुकाबले हारने के कारण सहजा से वापसी करने की उम्मीद कर रहा था लेकिन यह 25 वर्षीय खिलाड़ी उसे मुकाबले में बनाए रखने में नाकाम रही। वह विश्व रैंकिंग में 449वें नंबर पर काबिज पैचरिन से 4-6, 6-1, 4-6 से हार गई। यह मैच दो घंटे 25 मिनट तक चला।

इसके बाद भोसले और रैना की युगल जोड़ी ने थासापोर्न नाकलो और पेंगटार्न प्लिप्यूच को एक घंटे और 11 मिनट में 6-3 6-4 से हराकर थाईलैंड को क्लीन स्वीप नहीं करने दिया।

भारतीय कप्तान विशाल उप्पल ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें पहले से ही पता था कि थाईलैंड एक बहुत अच्छी टीम है। हमें वास्तव में अच्छे खेल का प्रदर्शन करना होगा। दुर्भाग्य से इस मुकाबले में हम वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए जैसा चाहते थे। लेकिन युगल मैच में जीत हमारे लिए सकारात्मक है। अभी टूर्नामेंट में काफी मुकाबले खेले जाने हैं और इसलिए प्रत्येक जीत मायने रखती है।’’

सहजा ने निर्णायक सेट में 3-4 के स्कोर पर खेल फिर से शुरू करते हुए फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया और पैचरिन ने अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 5-3 की बढ़त बना ली।

इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपनी सर्विस बरकरार रखी जब पैचरिन का बैकहैंड स्लाइस शॉट नेट पर जा लगा। इससे स्कोर का अंतर 4-5 हो गया।

मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। सहजा ने कुछ बेहतरीन ग्राउंडस्ट्रोक लगाए और बेसलाइन पर दबदबा कायम रखा। यहां तक ​​कि थाई खिलाड़ी के शॉट बाहर जाने के कारण उन्होंने ब्रेक प्वाइंट भी हासिल कर लिया था।

लेकिन निर्णायक मौके पर उनसे गलती हो गई और उन्होंने अपने शॉट बाहर मार दिए। सहजा ने इसके बाद रिटर्न शॉट खेलने में गलती की जिससे थाईलैंड की खिलाड़ी जीत हासिल करने में सफल रही।

इससे पहले मंगलवार को वैष्णवी अडकर को औंचिसा चांता से 1-6, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा था।

भारत अपना दूसरा मैच दिन में बाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments