scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतआंध्र प्रदेश एसआईपीबी ने 39,436 करोड़ रुपये के 31 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

आंध्र प्रदेश एसआईपीबी ने 39,436 करोड़ रुपये के 31 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

Text Size:

अमरावती, सात अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य निवेश संवर्धन बोर्ड (एसआईपीबी) की 16वीं बैठक में 39,436 करोड़ रुपये से अधिक के 31 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘ नायडू की अध्यक्षता में हुई 16वीं एसआईपीबी बैठक में 39,436.84 करोड़ रुपये के निवेश वाली 31 परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई।’’

एसआईपीबी ने अमरावती क्वांटम वैली में तीन कंपनियों की स्थापना को भी मंजूरी दी जिससे उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में राज्य की पहल को मजबूती मिलेगी।

बयान के अनुसार, उद्योग, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी एवं पर्यटन जैसे क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं से 1,11,278 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश को सौर ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अन्य राज्यों को बिजली आपूर्ति के लिए पारेषण प्रणाली तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पटाखा निर्माण और दुग्ध इकाइयों जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया।

नायडू ने साथ ही कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर जमीन पर उतारा जाए और उनकी प्रगति की समीक्षा हर एसआईपीबी बैठक में की जाएगी।

बयान के अनुसार, पिछले 22 महीने में कुल 264 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है जिनसे 9.36 लाख करोड़ रुपये के निवेश एवं लगभग 9.60 लाख रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इसके अलावा विशाखापत्तनम में आयोजित साझेदारी शिखर सम्मेलन के दौरान 538 समझौता ज्ञापनों के जरिये स्वीकृत निवेश प्रस्तावों से 11.38 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 13.95 लाख रोजगार मिलने की संभावना है। कुल मिलाकर 802 परियोजनाओं से 20.74 लाख करोड़ रुपये का निवेश मिलने और 23.55 लाख रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments