scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशमतदाता सूची से 2.9 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं: प्रकाश आंबेडकर

मतदाता सूची से 2.9 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं: प्रकाश आंबेडकर

Text Size:

मुंबई, चार अप्रैल (भाषा) वंचित बहुजन अघाडी के नेता प्रकाश आंबेडकर ने शनिवार को दावा किया कि महाराष्ट्र की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में 2.9 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं।

उन्होंने दावा किया कि इतने बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाने से राज्य में आगामी चुनावों के नतीजों पर सीधा असर पड़ सकता है।

आंबेडकर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यदि राहुल गांधी किसी ऐसे वार्ड के प्रभावित परिवार को मीडिया के सामने लाते, जहां एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम हटाए गए हों, तो सरकार के कथित झूठ का पर्दाफाश हो सकता था।’’

उन्होंने कहा कि इससे यह साबित हो जाता कि निर्वाचन आयोग धोखाधड़ी कर रहा है।

आंबेडकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में निर्वाचन आयोग के कामकाज पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची के संशोधन की प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण राज्य में बड़े पैमाने पर मतदाता मतदान करने से वंचित हो सकते हैं।’’

विपक्षी दलों ने बार-बार आरोप लगाया है कि एसआईआर का दुरुपयोग कुछ विशेष विचारधाराओं या समुदायों से संबंधित मतदाताओं को चुनिंदा रूप से बाहर करने के लिए किया जा रहा है।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments