scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशग्रामीण अर्थव्यवस्था की सशक्त धुरी है डेरी क्षेत्र : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सशक्त धुरी है डेरी क्षेत्र : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Text Size:

जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि डेरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सशक्त धुरी है, जो किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक समृद्धि का आधार बनकर उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे न केवल ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।

शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में डेरी क्षेत्र के विकास को लेकर आयोजित बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्य है, ऐसे में राज्य में डेरी द्वारा दुग्ध संग्रहण एवं प्रसंस्करण अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण के साथ लक्ष्य निर्धारित करते हुए औसत दुग्ध संकलन एवं दुग्ध सहकारी समितियों का विस्तार किया जाए।

आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में दो हजार करोड़ रुपये के राजस्थान कॉपरेटिव डेरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड एवं सरस को राष्ट्रीय ब्रांड के रूप में स्थापित किए जाने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि राज्य के बाहर के साथ ही राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों व पर्यटन स्थलों पर सरस आउटलेट खोले जाने की संभावनाएं तलाशी जाएं।

शर्मा ने कहा कि डेरी उत्पादों की व्यापक ब्रांडिंग भी की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सहकारिता से समृद्धि के ध्येय के साथ काम कर रही है और डेरी क्षेत्र को मजबूत करने से किसानों को मजबूती मिलती है।

उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त विभागीय योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पारदर्शी एवं सुगम तरीके से दुग्ध उत्पादकों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाया जाए।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments