scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशदिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब होने के बावजूद ‘ग्रैप’ प्रतिबंध लागू नहीं करने का फैसला

दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब होने के बावजूद ‘ग्रैप’ प्रतिबंध लागू नहीं करने का फैसला

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता के खराब स्तर पर पहुंचने के बावजूद फिलहाल चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्ययोजना (ग्रैप) के तहत पाबंदियों को लागू नहीं करने का फैसला किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एक्यूआई बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली का दैनिक औसत एक्यूआई 200 के आंकड़े को पार कर गया और 266 (खराब श्रेणी में) दर्ज किया गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ग्रैप उप-समिति ने क्षेत्र में वर्तमान वायु गुणवत्ता परिदृश्य की समीक्षा करने के साथ-साथ भारत मौसमविज्ञान विभाग (आईएमडी) और भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) द्वारा उपलब्ध कराई गईं मौसम संबंधी स्थितियों और एक्यूआई के पूर्वानुमान की समीक्षा करने के लिए एक बैठक बुलाई।’’

उन्होंने बताया, ‘‘दिल्ली-एनसीआर की मौजूदा वायु गुणवत्ता स्थिति और मौसम एवं मौसम विज्ञान संबंधी पूर्वानुमान की समीक्षा करते हुए आयोग ने पाया कि दिल्ली का एक्यूआई, जो कल 194 दर्ज किया गया था, आज सुबह धूल भरी आंधी के कारण शाम 4 बजे तक तेजी से बढ़कर 266 हो गया है।’’

आयोग ने कहा कि मौसम या एक्यूआई पूर्वानुमान के मुताबिक आज रात और कल हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, साथ ही आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति अनुकूल रहने की उम्मीद है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘मौसम संबंधी स्थितियों और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के गतिशील मॉडल और पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘मध्यम’ श्रेणी में रहेगा। इसलिए समिति ने निर्णय लिया है कि फिलहाल ग्रैप के पहले चरण को लागू करने की आवश्यकता नहीं है। आयोग स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा करेगा।’’

वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार के बाद 16 मार्च को ग्रैप के तहत दिल्ली-एनसीआर में लगाए गए सभी प्रतिबंध हटा दिए गए थे।

भाषा धीरज वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments