नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लगभग 1,000 लोगों की सुरक्षा में करीब 2,100 पुलिसकर्मियों की तैनाती पर ‘गंभीर संज्ञान’ लेते हुए पुलिस प्रमुख से इसकी समीक्षा करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना की तारीख चार मई तय की गई है।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि 15 मार्च को चुनाव की घोषणा से पहले, पश्चिम बंगाल सरकार ने तृणमूल कांग्रेस से सीधे तौर पर जुड़े 832 लोगों और पार्टी समर्थकों सहित 144 अन्य लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए 2,185 पुलिस कर्मियों की तैनाती की थी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने इस ‘‘चूक’’ का ‘‘गंभीर संज्ञान’’ लिया है और पुलिस महानिदेशक को अगले दो से तीन दिनों के भीतर निजी सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की ‘‘निष्पक्ष और समान’’ तरीके से सख्त पेशेवर समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.