scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशडूंगरपुर पुलिस ने साइबर ठगी में शामिल गिरोह का पर्दाफाश किया,12 आरोपी गिरफ्तार

डूंगरपुर पुलिस ने साइबर ठगी में शामिल गिरोह का पर्दाफाश किया,12 आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) पुलिस ने राजस्थान के डूंगरपुर जिले में साइबर ठगी में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार जिला साइबर प्रकोष्ठ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दो अप्रैल को कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सोम कमला आंबा गांव के पास छापा मारा।

एक टापू पर सुनसान इलाके में बैठे आरोपी मोबाइल फोन के जरिये कथित साइबर ठगी में शामिल थे।

डूंगरपुर के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि टीम ने उस जगह को घेर लिया और सभी संदिग्धों को पकड़ लिया।

उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच से पता चला कि वे एक फर्जी ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ गिरोह चला रहे थे और पूरे देश में लोगों को ठग रहे थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी एस्कॉर्ट सेवाएं देने वाली वेबसाइटों पर नकली विज्ञापन अपलोड करते थे और पीड़ितों को लुभाने के लिए इंटरनेट से डाउनलोड की गई अश्लील तस्वीरों का इस्तेमाल करते थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘फिर आरोपी पीड़ितों को प्रोफाइल चुनने और कई नकली बैंक खातों में अग्रिम पैसे डालने के लिए मनाते थे। अलग-अलग राज्यों के पीड़ितों ने विज्ञापनों में दिए गए नंबरों पर फोन कॉल या सोशल मीडिया मंच के ज़रिए संपर्क किया, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया और उनसे पैसे ऐंठ लिए।’’

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फर्जी ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ गिरोह चलाने और लोगों को ठगने की बात कबूल कर ली। आरोपियों से एक एसयूवी, 25 मोबाइल फोन, 50 सिम कार्ड, दो डेबिट कार्ड और 10,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश (19), गणेश पाटीदार (20), मेहुल सुथार (26), गणेश पाटीदार (27), प्रकाश पाटीदार (36), विजय पाटीदार (25), हितेश पाटीदार (21), तेजपाल पटेल (26), दिनेश पाटीदार (32), नरेश पाटीदार (27), भावेश पाटीदार (27) और मनीष पाटीदार (25) के रूप में हुई है।

भाषा पृथ्वी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments