scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र के ठाणे जिले में हथियारों का जखीरा बरामद, एक बिल्डर गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हथियारों का जखीरा बरामद, एक बिल्डर गिरफ्तार

Text Size:

ठाणे, 31 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हथियारों का जखीरा रखने के आरोप में 55 वर्षीय बिल्डर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र पांडुरंगा पाटिल, जिसके इंस्टाग्राम पर तीन लाख से अधिक फॉलोअर हैं, को शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे एक अलग मामले में जमानत पर रिहा हुए एक हफ्ता ही हुआ था।

अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया, ‘सूचना के आधार पर, हमारी टीम ने शनिवार देर रात डोंबिवली के दावड़ी इलाके में पाटिल के बंगले की तलाशी ली। हमें घर के इंटीरियर से मेल न खाने वाले नए लगाए गए शू रैक के नकली पैनल के पीछे छिपाए गए हथियारों का जखीरा मिला।’

उन्होंने बताया कि पांच देसी पिस्तौल और रिवॉल्वर, जिनमें से कुछ पर ‘मेड इन यूएसए’ लिखा हुआ था, और दो एयर गन जब्त की गईं। इनके अलावा 371 कारतूस, 167 एयर गन के छर्रे, एक तलवार, एक बटन नाइफ, एक धारदार हथियार और दो स्टील की छड़ें भी बरामद की गईं।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए हथियारों की कीमत 10 लाख रुपये है।

अधिकारी ने कहा, ‘पाटिल का दावा है कि ये हथियार उसके गैंगस्टर थीम वाले सोशल मीडिया वीडियो के लिए थे, लेकिन हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या वह कोई ‘छोटी-सेना’ तैयार कर रहा था या स्थानीय अपराधियों को हथियार की आपूर्ति कर रहा था।’

अपराधिक रिकॉर्ड वाले पाटिल पर अब शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत नए आरोप लगाए गए हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments