scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशस्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन के चलते ओडिशा विधानसभा हुई बाधित

स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन के चलते ओडिशा विधानसभा हुई बाधित

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

भुवनेश्वर, 30 मार्च (भाषा) ओडिशा विधानसभा में विपक्षी सदस्यों ने सरकारी अस्पताल में आग लगने से हुई 12 मरीजों की मौत के सिलसिले में स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग करते हुए जबर्दस्त प्रदर्शन किया जिसके फलस्वरूप सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।

यह लगातार नौवां दिन था जब विपक्षी दलों– बीजू जनता दल (बीजद), कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्यों ने 16 मार्च को एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई घटना को लेकर महालिंग के इस्तीफे का दबाव बनाते हुए सदन में शोर-शराबा किया।

सदन में पूर्व विधायक नारायण साहू को श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के तुरंत बाद, विपक्षी सदस्य तख्तियां लेकर और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए आसन के समीप आ गये। साहू का 26 मार्च को निधन हो गया था।

विधानसभाध्यक्ष सुरमा पाधी ने चार बजे तक सदन को कम से कम पांच बार शाम स्थगित किया क्योंकि विपक्षी सदस्यों ने सामान्य कार्यवाही जारी रखने की उनकी अपीलों को अनसुना कर दिया था।

शाम चार बजे सदन की कार्यवाही चालू होने पर, पहले जैसे ही दृश्य देखने को मिले। लेकिन अब अध्यक्ष ने महालिंग के नेतृत्व वाले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की बजटीय मांगों पर चर्चा की अनुमति दी।

भाजपा विधायक इरासिस आचार्य और सनातन बिजुली ने महालिंग के कार्यों की सराहना करते हुए उनकी पहलों को विभाग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

विपक्षी सदस्यों के बहिर्गमन के बाद विधानसभा ने विभाग की बजटीय मांगों पर चर्चा शुरू की। विपक्षी सदस्य गतिरोध के बावजूद चर्चा की अनुमति देने के अध्यक्ष के फैसले के विरोध में सदन से उठकर चले गये।

लगातार जारी गतिरोध के कारण 17 मार्च से प्रश्नकाल, शून्यकाल और स्थगन प्रस्तावों पर चर्चा सहित सामान्य कार्यवाही नहीं हो पाई है।

बीजद और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सर्वदलीय बैठकों के दौरान अध्यक्ष से कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे के बिना सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी।

अध्यक्ष ने गतिरोध को सुलझाने के प्रयास में पिछले नौ दिनों में चार सर्वदलीय बैठकें बुलाई हैं, लेकिन गतिरोध जारी है।

सदन के बाहर बीजद विधायक गणेश्वर बेहरा ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मानदंडों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

इस बीच सदन के बाद, ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग की इस्तीफे की मांग को लेकर बीजद, कांग्रेस और माकपा समेत करीब 10 विपक्षी दलों के सदस्यों ने सोमवार को यहां लोअर पीएमजी इलाके में प्रदर्शन किया।

बीजद उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा, ‘‘हम नैतिक आधार पर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे और 16 मार्च की सुबह एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लगी भीषण आग की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं।’’

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments