scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशमप्र : शिवपुरी में इंस्टाग्राम पर 'लाइव' आने के बाद युवक ने की आत्महत्या

मप्र : शिवपुरी में इंस्टाग्राम पर ‘लाइव’ आने के बाद युवक ने की आत्महत्या

Text Size:

शिवपुरी, 28 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात जिले के देहात थाना क्षेत्र में हुई। मनोज रजक (22) नामक युवक के आखिरी पलों का करीब 14 मिनट का वीडियो भी सामने आया है।

देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि युवक ने लाइव चैट के दौरान अपने दोस्तों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और उन्हें ‘फ्लाइंग किस’ दी, इसके बाद उसने छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज की मां का पहले ही निधन हो चुका था। पिता के पुनर्विवाह के बाद वह किराये के कमरे में अलग रहता था। वह पेशे से प्लंबर था और अपने कमरे से रेडीमेड कपड़ों की बिक्री भी करता था। उसके दोस्तों ने उसे शालीन स्वभाव का बताया।

मनोज के मित्र शुभम रजक ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसे फंदे से लटका देख वे रात करीब साढ़े दस बजे उसके कमरे पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। इस मामले की जांच जारी है।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments