scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, विश्वास की नई पहचान बनकर उभरा : पंकज चौधरी

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, विश्वास की नई पहचान बनकर उभरा : पंकज चौधरी

Text Size:

लखनऊ 28 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, विश्वास और वैश्विक संभावनाओं की नई पहचान बनकर उभरा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन किया।

भाजपा मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, चौधरी ने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन केवल एक आधारभूत परियोजना का लोकार्पण नहीं बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भविष्य, प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक क्षण है।

उन्होंने कहा, “यह हवाई अड्डा प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और उत्तर प्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों में स्थापित करने की प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।”

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने कहा कि नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश के लिए उद्योग, व्यापार, पर्यटन, निर्यात, लॉजिस्टिक्स, निवेश और रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

उन्होंने कहा कि इससे गौतम बुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र सहित आसपास के अनेक जिलों में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

चौधरी ने कहा कि यह परियोजना लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी, किसानों को बाजार से जोड़ेगी, व्यापारियों को नई सुविधा देगी और निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश को अधिक आकर्षक बनाएगी।

उन्होंने कहा कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रैपिड रेल, मेट्रो परियोजनाएं, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और लगभग पूर्णता की ओर बढ़ रहा गंगा एक्सप्रेसवे, ये सभी मिलकर विकास की एक नई संरचना तैयार कर रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि उत्तर प्रदेश को विकास, आधुनिकता, आत्मनिर्भरता व सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनाया जाए और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डी उसी परिवर्तनकारी यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments