रांची, 25 मार्च (भाषा) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रांची में दक्षिण पूर्वी रेलवे के एक मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक (सीसीआई) को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। केंद्रीय एजेंसी ने बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक पर शिकायतकर्ता से लंबित 8.7 लाख रुपये के बिल को मंजूरी देने के एवज में उक्त राशि का 10 प्रतिशत बतौर रिश्वत मांगने का आरोप है और सीबीआई ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
संघीय एजेंसी ने बताया, ‘‘जाल बिछाकर की गई कार्रवाई में आरोपी को शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी ली गई।’’
सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा धीरज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
