scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशट्रांसजेंडर विधेयक दमनकारी, इस समुदाय से विचार-विमर्श नहीं हुआ: राहुल

ट्रांसजेंडर विधेयक दमनकारी, इस समुदाय से विचार-विमर्श नहीं हुआ: राहुल

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि संसद से पारित ट्रांसजेंडर व्यक्तियों से संबंधित विधेयक दमनकारी है तथा यह ट्रांसजेंडर लोगों के संवैधानिक अधिकारों एवं पहचान पर सीधा हमला है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

राहुल ने दावा किया कि इस विधेयक को लेकर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से विचार-विमर्श नहीं किया गया।

ट्रांसजेंडर समुदायों के कुछ लोगों ने मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात की थी और अपनी चिंता से उन्हें अवगत कराया था।

राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सऐप चैनल पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा सरकार का ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन विधेयक ट्रांसजेंडर लोगों के संवैधानिक अधिकारों और पहचान पर एक खुला हमला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा दमनकारी कानून जो बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के आपराधिक सज़ा और निगरानी को बढ़ावा देता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि भाजपा सरकार ने इस विधेयक को लाने से पहले ट्रांसजेंडर समुदाय से कोई संवाद और विमर्श नहीं किया।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘संविधान प्रत्येक भारतीय के जीवन, स्वतंत्रता, पहचान और सम्मान के अधिकार की रक्षा करता है। यह भाजपा सरकार हमारे संविधान का उल्लंघन कर रही है और अपने संकीर्ण विचारों के चलते ट्रांसजेंडर समुदायों को सम्मान देने के भारत के समृद्ध इतिहास को नष्ट कर रही है।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी इस विधेयक का स्पष्ट रूप से विरोध करती है।

भाषा हक हक रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments