अमरेली (गुजरात), 25 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को लोगों से किसी एक पार्टी या नेता को नहीं बल्कि खुद को वोट देने और गुजरात में ‘‘अपनी सरकार बनाने’’ का आग्रह किया और सत्तारूढ़ भाजपा पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया।
केजरीवाल ने ‘विजय विश्वास सभा’ रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले तीन दशकों में अपने वफादार मतदाताओं को ‘‘अपमानित’’ और “बेइज्जत” किया है और वादा किया कि अगर आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने का मौका मिला तो वह गुजरात को उसी तरह ‘‘बदल देगी’’ जैसे वह पंजाब में कर रही है।
‘आप’ के संयोजक ने अमरेली जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘आप पिछले 30 वर्षों से पार्टियों और नेताओं को वोट देते आ रहे हैं, फिर भी इन नेताओं ने आपके लिए कुछ भी नहीं किया है। वे सिर्फ अपने प्रति वफादार हैं, किसी के प्रति नहीं।’’
गुजरात विधानसभा के लिए अगले साल चुनाव होने हैं। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 160 से अधिक विधायक हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के चार विधायक हैं।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस बार खुद को वोट दें; अपनी सरकार बनाएं, जनता की सरकार। पंजाब की जनता पहले ही अपनी सरकार बना चुकी है।’’
उन्होंने दावा किया कि इन 30 वर्षों में भाजपा ने लोगों को लूटा है और मोरबी और वडोदरा में पुलों के ढहने का हवाला देते हुए सत्तारूढ़ पार्टी पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा, ‘‘यह सारा पैसा कहां जाता है?’’
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने हाल में फसल के नुकसान के लिए 10,000 करोड़ रुपये के मुआवजे पैकेज की घोषणा की थी, ‘‘लेकिन किसानों को यह कभी नहीं मिला क्योंकि नेताओं ने पूरी राशि का गबन कर लिया’’।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘इन 30 वर्षों में भ्रष्टाचार के मामलों में जबरदस्त वृद्धि हुई है। ये लोग व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी महज एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि एक आंदोलन का प्रतिनिधित्व करती है और ‘‘स्वतंत्रता संग्राम की भावना को समाहित करती है’’।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आम जनता की सरकार है, जिसका नेतृत्व एक किसान के बेटे मुख्यमंत्री कर रहे हैं और आम आदमी पार्टी के 90 से अधिक विधायकों में से 80 पहली बार विधायक चुने गए हैं।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुत काम किया है और इतना काम इसलिए कर पाई है क्योंकि वह एक पैसे तक के भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं है।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
