पणजी, 25 मार्च (भाषा) गोवा में एक ‘बीच शैक’ के कम से कम 20 कर्मचारियों द्वारा किए गए कथित हमले में बेंगलुरु का 42-वर्षीय एक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
समुद्र तट पर आराम करने या खाने-पीने से संबंधित अस्थायी ढांचे को ‘बीच शैक’ कहते हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को कलंगुट तट पर मामूली विवाद को लेकर बेंगलुरु निवासी कौशत पाशा पर एक समूह ने कथित तौर पर हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है।
पुलिस के अनुसार घायल पर्यटक को मापुसा के जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि समुद्र में तैरने के बाद पाशा एक अस्थायी भोजनालय (बीच शैक) के ‘बेड’ पर बैठ गए थे, जिसके बाद उनका कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, जब कर्मचारियों ने उनके ‘बीच बेड’ पर बैठने पर आपत्ति जताई तो पर्यटक ने बहस की, जिसके बाद उनपर हमला कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कर्मचारियों ने कथित तौर पर उनपर हथियारों से हमला किया।
पुलिस ने बताया कि मारपीट और दंगा करने के आरोप में 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
