scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशबिहार : जदयू प्रवक्ताओं ने निशांत कुमार से मुख्यमंत्री आवास में बातचीत की

बिहार : जदयू प्रवक्ताओं ने निशांत कुमार से मुख्यमंत्री आवास में बातचीत की

Text Size:

पटना, 21 मार्च (भाषा) बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ताओं और मीडिया से संवाद का प्रभार संभालने वाले पदाधिकारियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और उनके उत्तराधिकारी निशांत कुमार से बातचीत की।

नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़े जाने की संभावना है।

जदयू नेताओं को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास एक अणे मार्ग पर बुलाया गया था, जहां शाम को लगभग दो घंटे तक बातचीत हुई।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘पार्टी संगठन के भविष्य रणनीति पर केंद्रित सार्थक चर्चा हुई। निशांत जी पूरी चर्चा के दौरान उपस्थित रहे, वहीं मुख्यमंत्री ने भी अंत में बैठक में थोड़े समय के लिए मौजूद रहे।’’

प्रवक्ता और विधान पार्षद (एमएलसी) नीरज कुमार ने कहा, ‘‘हम सभी बहुत उत्साहित होकर लौटे हैं। निशांत जी ने हमें अपने पिता द्वारा अपने लंबे कार्यकाल के दौरान अर्जित सद्भावना के बारे में बताया।’’

नीरज कुमार ने कहा, ‘‘उनके पिता द्वारा लाए गए सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की उनकी समझ, जिन्होंने हमेशा समाज के हर वर्ग के लिए निष्पक्ष व्यवहार पर जोर दिया है, यह स्पष्ट करती है कि उनके नेतृत्व में पार्टी सुरक्षित हाथों में है। हमारे सर्वोच्च नेता से मिलने का अवसर तो मानो सोने पर सुहागा था।’’

जदयू अध्यक्ष के 44 वर्षीय बेटे निशांत दो सप्ताह पहले पार्टी में शामिल हुए थे।

निशांत ने पिता द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने और सत्ता छोड़ने के इरादे की घोषणा करने के कुछ दिनों बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस बातचीत की तस्वीरें साझा कीं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने जदयू में अपने वरिष्ठों से बातचीत की, जिनमें मैं एक साधारण कार्यकर्ता हूं। उनके उत्साह से मुझे बहुत प्रेरणा मिली। मुझे पूरा विश्वास है कि मैं जदयू परिवार को और भी मजबूत बनाऊंगा और नई ऊंचाइयों पर ले जाऊंगा।’’

भाषा धीरज माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments