scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशजिन लोगों ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और युवाओं को ‘बर्बाद’ किया, वे शासन पर भाषण दे रहें : मान

जिन लोगों ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और युवाओं को ‘बर्बाद’ किया, वे शासन पर भाषण दे रहें : मान

Text Size:

धर्मकोट, 21 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर दशकों तक कुशासन का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन्होंने कभी राज्य के युवाओं और कानून व्यवस्था को ‘कमजोर’ किया था, वे अब झूठे बयानों के जरिये जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

मान ने विरोधी दलों के नेताओं पर निशाना साधते कहा कि उनकी विश्वसनीयता लगातार कम होती जा रही है और विधानसभा चुनावों में 2027 में उनकी हार स्पष्ट होती जा रही है।

मान धर्मकोट के दाना मंडी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पंजाब सत्ता की अदला-बदली और पर्दे के पीछे की राजनीति के युग से निर्णायक रूप से आगे निकल चुका है, और अब राज्य के भविष्य पर लोगों का पूर्ण नियंत्रण है।

मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को अपने वादों को पूरा करने वाली सरकार के रूप में पेश किया। उन्होंने दावा किया कि लोगों से किए गए वादे चार वर्षों के भीतर पूरे कर दिए गए हैं, और शेष एक वर्ष का उपयोग पंजाब को दशकों की उपेक्षा से उबरने में तेजी लाने के लिए किया जाएगा।

उन्होंने विपक्षी दलों की ‘कृत्रिम भीड़’ की तुलना आप की सभाओं में दिखाई देने वाले ‘स्वाभाविक’ जनसमर्थन से की।

मान ने रेखांकित किया कि लोग अब प्रचार से प्रभावित होने के बाजाय अपने भविष्य के बारे में सोच-समझकर निर्णय ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले दिन में बाजेके गांव में एक प्रतिष्ठित विद्यालय की आधारशिला रखी।

इस मौके पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए मान ने कहा, ‘‘वे नेता अब राज्य में कानून-व्यवस्था की बात कर रहे हैं, जिनके हाथ राज्य के युवाओं के खून से सने हैं और जो राज्य में अराजकता फैलाने के लिए जिम्मेदार थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन दलों ने राज्य और उसकी जनता के खिलाफ पाप किए हैं। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।’’

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार सतत विकास के माध्यम से बच्चों को शिक्षित करने, रोजगार सृजित करने और गरीबी उन्मूलन के लिए अथक प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब को ‘‘बर्बाद’’ कर दिया था और राज्य को बुरी हालत में छोड़ दिया था, लेकिन आज यह फिर से आगे बढ़ रहा है।

विपक्षी दलों द्वारा भीड़ जुटाने को लेकर करारा प्रहार करते हुए मान ने कहा, ‘‘कांग्रेस या अकाली नेताओं से पूछिए कि वे भीड़ जुटाने में कितना पैसा खर्च करते हैं। वे रैलियों में शामिल होने के लिए लोगों को किराए पर भी लेते हैं। लेकिन यहां (आप की रैली में), यह बेहद गर्व और संतोष की बात है कि लोग स्वेच्छा से आते हैं। यही जनता का सच्चा समर्थन है।’’

आप नेता ने कहा, ‘‘अगर पूर्ववर्ती सरकारों का इरादा काम करने का होता, तो वे पहले ही कर चुके होते, क्योंकि उनके पास कई मौके थे। इन नेताओं ने पंजाब और पंजाबियों के साथ विश्वासघात किया। कुछ नेता कई बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन राज्य में कुछ भी नहीं बदला।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन नेताओं ने राज्य और उसकी जनता को धोखा देकर अपने स्वार्थों के लिए काम किया।’’

मान ने कहा कि विपक्ष की कोई विश्वसनीयता नहीं है, इसलिए लोगों को उन पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सिर्फ मेरी आलोचना करने के लिए हाथ मिलाया है।

भाषा धीरज माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments