scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशसुरजेवाला ने एलपीजी सिलेंडर संकट को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

सुरजेवाला ने एलपीजी सिलेंडर संकट को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

Text Size:

बेंगलुरु, 20 मार्च (भाषा) देश में एलपीजी सिलेंडर संकट को लेकर केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला करते हुए, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से पूछा कि वह चुनाव वाले राज्यों में मतदाताओं का कैसे सामना करेगी।

उन्होंने दावा किया कि देश एक ‘‘बड़े संकट’’ का सामना कर रहा है। कांग्रेस नेता ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये के 93 रुपये तक गिरने को लेकर केंद्र पर हमला करते हुए इसे अर्थव्यवस्था और रोजगार दोनों के लिए ‘‘चिंताजनक’’ बताया।

कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी सुरजेवाला ने कहा कि मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान मोदी ने कहा था कि ‘‘रुपये का मूल्य गिरने पर प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा गिर जाती है।’’ उस समय अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये का मूल्य 54 रुपये प्रति डॉलर था।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, ‘‘आज भारतीय रुपया एक डॉलर के मुकाबले 93 रुपये तक गिर गया है, लेकिन भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार चुप्पी साधे हुए हैं। आम घरों, छोटे ढाबों, रेस्तरांओं और छोटे भोजनालयों को आज इस संकट का सामना करना पड़ रहा है। न तो व्यावसायिक गैस उपलब्ध है और न ही घरेलू गैस।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने घरेलू गैस की कीमत दो बार और व्यावसायिक गैस की कीमत तीन बार बढ़ाई है, साथ ही प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी बढ़ाई हैं।

उन्होंने पूछा, ‘‘कल आप फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा देंगे। आम भारतीय क्या करे? क्या भाजपा के पास इसका कोई जवाब है? क्या उन्हें वोट मांगने का भी अधिकार है?’’

असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, वहीं कर्नाटक की दो सीट दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट में उपचुनाव होंगे।

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments